राजस्थान बोर्ड 12वीं का रिजल्ट घोषित, इस लिंक से तुरंत देखें
उदयपुर: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मंगलवार को वर्ष 2026 की उच्च माध्यमिक (कक्षा 12) विज्ञान, वाणिज्य और कला वर्ग के साथ वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष भी परिणाम बेहद उत्साहजनक रहा और अधिकांश संकायों में छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया।
स्टूडेंट्स ऑफिशियल वेबसाइट rajeduboard.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक सकते हैं। बता दें कि विज्ञान वर्ग में 97.52 प्रतिशत, वाणिज्य वर्ग में 93.64 प्रतिशत और कला वर्ग में 97.54 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, उच्च माध्यमिक विज्ञान वर्ग की परीक्षा में कुल 2,87,068 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2,85,299 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। विज्ञान वर्ग का कुल परिणाम 97.52 प्रतिशत रहा।
इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 97.02 रहा, जबकि छात्राओं का उत्तीर्णता प्रतिशत 98.34 प्रतिशत दर्ज किया गया। विज्ञान वर्ग में 1,78,051 छात्रों में से 1,46,644 छात्र तथा 1,07,248 छात्राओं में से 98,636 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।
उच्च माध्यमिक वाणिज्य वर्ग में कुल 30,798 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 30,580 परीक्षा में प्रविष्ट हुए। वाणिज्य वर्ग का परिणाम 93.64 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 94.04 और छात्राओं का 92.82 प्रतिशत रहा। वाणिज्य वर्ग में 20,666 छात्रों में से 13,976 छात्र तथा 9,914 छात्राओं में से 8,096 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।
उच्च माध्यमिक कला वर्ग में सबसे अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए। इस वर्ग में कुल 5,91,023 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,83,201 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। कला वर्ग का कुल परिणाम 97.54 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्णता प्रतिशत 96.68 और छात्राओं का 98.29 प्रतिशत रहा। कला वर्ग में 2,72,970 छात्रों में से 1,56,818 छात्र तथा 3,10,231 छात्राओं में से 2,27,252 छात्राएं प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई हैं।
